24 मार्च 2021

जिसने एक अनाथ बच्ची को गोद लेकर संवारी उसकी जिंदगी उसी ने दी ऐसी दर्दनाक मौत

 


प्रतीकात्मक चित्र

वाराणसी।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने एक अनाथ बच्ची को गोद लेकर पालन -पोषण किया था। उसी बच्ची ने जवान 

होकर अपनी बुजुर्ग हो चली मां को प्रेमी के फेर में पडकर ऐसी दर्दनाक मौत दी कि सुनकर रूह कांप जाए। वृद्ध महिला की मौत ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया। लोग अब एक ही बात कर रहे है कि बेचारी की किस्मत ही फूटी थी पहले भगवान ने संतान नहीं दी, जब उसने एक अनाथ को अपनी संतान सा प्यार दी उसी ने उसको ऐसी दर्दनाक मौत दी अब कैसे कोई किसी बच्चे की अंगुली पकडकर सहारा देगा। 


यह दर्दनाक कहानी वाराणसी के  मंडुआडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर से समाने आई है। यहां मंगलवार देर रात लालता देवी 45 की उनकी गोद ली हुई लड़की व दामाद ने ही गला दबाकर हत्या कर दी। 

थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि लालता देवी पत्नी स्व शेख मुख्तार लगभग 40 वर्षों से शिवदासपुर में मकान बनवा कर रह रही थीं। उन्हें कोई औलाद नहीं थी। उन्होंने हिना नाम की लड़की को गोद ले रखा था।


गोद ली हुई बेटी हिना को एक राहुल नाम के युवक से प्यार हो गया। दोनों ने एक माह पहले बिना किसी को बताए शादी कर ली और साथ रहने लगे। इसी बीच हिना का अपनी मां से विवाद होने लगा। मंगलवार की देर रात को लालता के भाई विजय राम निवासी कैमूर बिहार अपनी पत्नी के साथ वाराणसी में इलाज के लिए आए।


 विजय ने बताया कि वे अपनी बहन लालता को खोज रहे थे लेकिन नहीं मिलने पर उन्होंने एक कमरे में देखा तो हिना और राहुल बैठे हुए थे। 


उनके आवाज देने पर भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने किसी तरह से दरवाजा खोला और अंदर गए तो देखा कि लालता देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और शव को दरी में लपेटकर बांधा गया था।


 मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी परशुराम ने बताया कि लालता के सिर पर चोट के निशान हैं और संभवत उनकी गला दबाकर हत्या की गई है। 


उन्होंने महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। भाई विजय की तहरीर पर मृतका के बेटी हिना व दामाद राहुल पर 302,201 का मुकदमा दर्ज। पुलिस प्रथम दृष्टया संपत्ति विवाद मानकर जांच कर रही है।