31 मई 2021

सिरफिरे युवक ने पहले चाकू से गोदकर मौसेरी बहन को मारा, फिर दे दी अपनी जान

हाथरस । हाथरस में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक सिरफिरे युवक ने अपनी मौसेरी बहन  की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, इसके बाद उसी चाकू को अपने पेट में मार लिया, इससे उसकी भी अस्पताल में मौत हो गई। मौसेरे भाई-बहन की मौत से सांकरपुर गांव में सनसनी फैली है। कोई भी इस हत्याकांड के बारे में कुछ नहीं बता पा रहा है। 

https://rishtehainanmol.blogspot.com/2021/05/blog-post_96.html

 प्रतीकात्मक चित्र


यह मामला हाथरस के गांव सांकरपुर गांव का है। यहां रविवार  दोपहर को ननिहाल में अपनी मौसेरी बहन की चाकू मारकर हत्या करने के बाद सिरफिरे ने खुद के भी पेट में चाकू घोंप लिया। किशोरी की मौत के बाद घायल युवक काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। 


पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत आला पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके से नमूने लिए और घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है।

ग्राम लढ़ौटा सासनी निवासी वीरपाल की 16 वर्षीय बेटी प्राची अपनी मामी के बीमार होने के कारण सात दिन पहले सांकरपुर मामा प्रमोद के घर आई थी। चार दिन पहले ही प्राची का मौसेरा भाई राजा (20 वर्ष) भी गांव सांकरपुर आ गया। रविवार को सुबह हरनाम शटरिंग का कार्य करने के लिए क्षेत्र के किसी गांव में चला गया। दूसरा मामा ईंट-भट्ठा पर मजदूरी करने के लिए चला गया। सुबह ही मामी ने राजा को सौ रुपये देकर विदा भी कर दिया था। मगर दोपहर को फिर राजा गांव सांकरपुर पहुंच गया और अपनी मौसेरी बहन प्राची को चाकू से गोद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

इसके बाद राजा ने खुद को भी चाकू मार लिया। वहां खेल रहे बच्चों ने जब दोनों को खून से लथपथ देखा तो चीखते हुए वहां से भाग निकले। बच्चों की चीख सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल राजा को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के पिता वीरपाल ने मृतक राजा के खिलाफ तहरीर दी है, जिसपर मुकदमा दर्ज हो गया।एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि युवक ने अपनी मौसेरी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी चाकू मार लिया। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उसकी भी मौत हो गई।

 इसे भी पढ़ें...

कोई टिप्पणी नहीं: